मुख्य चिकित्साधिकारी ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर दिया जोर

मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना, अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना में निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती महिला वार्ड और औषधि वितरण कक्ष का गहन निरीक्षण किया। यहां एक महिला प्रसव के बाद भर्ती मिली। डॉ. तेवतिया ने महिला से खाना मिलने और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने मरीज के हालचाल भी पूछे। औषधि वितरण कक्ष में मौजूद फार्मासिस्ट को निर्देशित किया गया कि सभी मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी परिस्थिति में मरीजों को बाहर से दवा लिखने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध दवाओं का सही और समय पर वितरण सुनिश्चित करना ही फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी है।इसके बाद डॉ. तेवतिया ने अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के समय उपस्थित स्टाफ को उन्होंने समय से ड्यूटी पर आने और निर्धारित वेशभूषा में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के सामने स्वास्थ्य कर्मियों की अनुशासन और ईमानदारी भरी छवि ही विश्वास को मजबूत करती है। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर साफसफाई और मरीजों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर का निरीक्षण करते समय डॉ. सुनील तेवतिया ने नसबंदी कैम्प का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं दो पुरुष नसबंदी ऑपरेशन किए। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और जनमानस में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है। इससे पूर्व भी डॉ. तेवतिया समयसमय पर आयोजित होने वाले नसबंदी शिविरों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले हर मरीज को बेहतर इलाज, समय पर दवा और सही सलाह मिलना ही विभाग की प्राथमिकता है।इस औचक निरीक्षण ने केवल स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को परखा बल्कि कर्मचारियों को यह भी संदेश दिया कि जनहित से जुड़ी सेवाओं में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. तेवतिया का यह प्रयास मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts