मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी खतौली एवं थाना प्रभारी खतौली के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ऑपरेशन सवेरा अभियान के अंतर्गत संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार आती हुई दिखाई दी जिसे रुकने का इशारा किया गया। लेकिन कार सवारों ने पुलिस को देखकर गाड़ी रोकने के बजाय तेजी से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए कार को घेरकर मौके पर ही पकड़ लिया और सवार अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने कुल 30.404 किलोग्राम और 239 ग्राम चरस जब्त की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा अभियुक्तों के कब्जे से 20,800 रुपये नगद और तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी बरामद की गई। इस सफलता के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सवेरा के तहत जिले में लगातार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज में बढ़ रही नशे की लत पर रोक लगाना और तस्करों के नेटवर्क को खत्म करना है।अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ थाना खतौली में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम यह भी जांच कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मादक पदार्थ समाज के युवाओं को गलत राह पर धकेलते हैं, इसलिए इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। इस कामयाबी के बाद पुलिस टीम की सतर्कता और मुस्तैदी की सराहना की जा रही है। जिले में नशा और तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन सवेरा अभियान आगे भी जारी रहेगा।















