सहारनपुर में व्यवसायी की नाबालिग बेटी की फर्जी आइडी बनाकर बदनाम करने का मामला, मुकदमा दर्ज

सहारनपुर। शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र की पाश कालोनी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बड़े व्यवसायी और समाजसेवी की 10 वर्षीय बेटी की फर्जी इंटरनेट मीडिया आइडी बनाकर परिवार को बदनाम करने की कोशिश की गई। पीड़ित व्यवसायी ने थाने में दी गई तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मासूम बेटी की फोटो का दुरुपयोग करते हुए फर्जी अकाउंट बना लिया और उससे अश्लील गतिविधियां की जा रही हैं।

व्यवसायी का कहना है कि आरोपित न केवल फर्जी आइडी से अन्य लोगों के साथ गलत चैटिंग कर रहा है, बल्कि बच्ची को भी गंदे संदेश भेजता है और वीडियो कॉल पर अभद्र बातचीत करता है। बच्ची ने जब इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिवार को दी, तो पीड़ित ने आरोपित को समझाने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। आरोपित ने धमकी दी कि उसका एक संगठित सिंडिकेट है, जो इसी तरीके से मासूम बच्चों को फंसाकर उनका शोषण करता है और उनके परिवारों से रुपये ऐंठता है।

व्यवसायी का कहना है कि जब उन्होंने फर्जी आइडी से अपनी बेटी का फोटो हटाने की मांग की, तो आरोपित ने न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि परिवार को लगातार धमकियां भी दीं। यहां तक कि रुपये नहीं देने पर बच्ची और पूरे परिवार को इंटरनेट मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दी गई। इससे परिवार में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। सदर बाजार थाना प्रभारी रोजन्त त्यागी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने साइबर सर्विलांस टीम की मदद से आरोपित की पहचान शुरू कर दी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। थाना प्रभारी का कहना है कि इस तरह के अपराध में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आरोपित को कठोर सजा दिलाई जाएगी।

इस घटना ने क्षेत्र में लोगों को झकझोर दिया है। अभिभावकों ने भी चिंता जताई है कि साइबर अपराधी अब मासूम बच्चों को निशाना बना रहे हैं, जिससे इंटरनेट पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर नए सिरे से विचार करने की जरूरत है। मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर अपराध की गंभीरता को उजागर करता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts