जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर भाकियू (तोमर) का हल्ला बोल, 21 दिसंबर को महापंचायत का ऐलान

मुजफ्फरनगर जनपद के जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने कड़ा रुख अपनाते हुए 21 दिसंबर को महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है। यह घोषणा भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने एक पंचायत के दौरान की, जो संगठन के युवा प्रदेश प्रभारी हसीर चौधरी के आवास पर आयोजित हुई। पंचायत में मौजूद किसानों और संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जनपद के तीन टोल प्लाजा में से जग्गाहेड़ी टोल पर किसानों और आम जनता के साथ सबसे अधिक बदसलूकी की जाती है।

पंचायत में किसानों ने बताया कि जब किसान, आमजन या संगठन के कार्यकर्ता अपने परिवार के साथ, विशेषकर महिलाओं के साथ टोल प्लाजा से गुजरते हैं, तो टोल कर्मियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है। किसानों का कहना है कि टोल कर्मी अपने को ताकतवर समझते हुए नियमों की अनदेखी करते हैं। चौधरी संजीव तोमर ने आरोप लगाया कि जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा के अंतर्गत आने वाली सड़क और पुल अभी अधूरे हैं, इसके बावजूद वहां टोल टैक्स वसूला जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ समय पहले टोल कर्मियों द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी तरह 10 दिसंबर को संगठन के नगर उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र और उनके परिवार के साथ भी टोल पर दुर्व्यवहार की घटना हुई, जिससे संगठन में भारी रोष व्याप्त है। चौधरी संजीव तोमर ने तितावी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित द्वारा 112 पर सूचना देने और थाने में तहरीर देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पुलिस टोल कर्मियों के खिलाफ कदम उठाने में असमर्थ दिखाई दे रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके लिए सम्मान के समान है और किसी का भी शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे टोल कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि 21 दिसंबर को महापंचायत के दौरान किसी प्रकार की बदसलूकी होती है, तो संगठन इसका विरोध करेगा। आवश्यकता पड़ने पर संगठन राष्ट्रीय स्तर की महापंचायत बुलाने से भी पीछे नहीं हटेगा।

भाकियू (तोमर) के जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी ने कहा कि संगठन ने 21 दिसंबर का बिगुल जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर बजा दिया है और अब टोल की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसानों से भारी संख्या में पहुंचकर महापंचायत को सफल बनाने की अपील की।

इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष रिहान तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक तोमर, कार्यकारिणी प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी, मंडल प्रवक्ता चंदन त्यागी, मंडल उपाध्यक्ष साजिद अल्वी, युवा जिला उपाध्यक्ष हनी बालियान और जिला उपाध्यक्ष साऊद हसन सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts