मुजफ्फरनगर में 19 मार्च को वृहद रोजगार मेला, 40 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

मुजफ्फरनगर। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 19 मार्च 2026 को एस.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज, जानसठ रोड मुजफ्फरनगर के परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला सेवायोजन कार्यालय मुजफ्फरनगर और एस.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है।जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों द्वारा लगभग 3500 विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार और परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। रोजगार मेले में केकेसी एंटरप्राइजेज, एडलवाइस लाइफ इंश्योरेंस, हॉली हर्क्स, पुखराज हेल्थ केयर प्रा. लि., फिलिप कार्ड, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (एलआईसी), डिक्सन टेक्नोलॉजी सहित कई कंपनियां शामिल होंगी।इस मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। कंपनियों द्वारा एग्जीक्यूटिव, टेक्निकल असिस्टेंट, फील्ड एग्जीक्यूटिव, इंश्योरेंस एडवाइजर सहित अन्य विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जॉबसीकर के रूप में ऑनलाइन पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। पंजीकरण के बाद ही अभ्यर्थी रोजगार मेले में भाग ले सकेंगे।अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में भाग लेते समय अपने साथ पंजीयन कार्ड, सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, फोटो आईडी और अपना बायोडाटा अवश्य लेकर आना होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करना और चयन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क होगी।जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का मार्ग व्यय नहीं दिया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की जानकारी या असुविधा हो तो वह जिला सेवायोजन कार्यालय मुजफ्फरनगर से संपर्क कर सकता है।यह रोजगार मेला जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा, जहां एक ही स्थान पर कई कंपनियों में नौकरी पाने का मौका मिलेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts