पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर के एक प्रसिद्ध मंदिर में हुए हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को लंबे समय से अस्थिर करने की कोशिशें की जाती रही हैं, लेकिन राज्य की एकता और जनता की जागरूकता के कारण ऐसे मंसूबे कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस हमले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और राज्य की कानून-व्यवस्था को कमजोर करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मान ने कहा कि पंजाब सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब वीरों और गुरुओं की धरती है, जहां डर और आतंकवाद की कोई जगह नहीं है।















