दिल्ली बॉर्डर से 37 दिन बाद हटे बैरिकेड, लाखों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत; अब भी धरने पर बैठे हैं किसान

दिल्ली-एनसीआर वालों के लिए राहत भरी खबर है। किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए सीमा पर लगाए गए बैरिकेड हटने शुरू हो गए हैं। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, सिंघु और टीकरी सीमा पर रखे बैरिकेड 37वें दिन हटा लिए।

तंबू और दीवार हटाने का काम भी शुरू हो गया है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) और एनएच-नौ पर रखे बैरिकेड और तंबू आदि हटाने के साथ ही सर्विस लेन पर सीमेंट और सरियों की दीवार को तोड़ने का काम भी देर रात शुरू कर दिया गया। बुधवार सुबह तक रास्ता साफ होने की उम्मीद है। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के साथ मेरठ के भी लाखों वाहनों चालकों को राहत मिलेगी। दिल्ली पुलिस के साथ गाजियाबाद पुलिस ने भी अधिकांश जवानों को यूपी गेट से हटा लिया। देर रात यहां इक्का-दुक्का पुलिसकर्मी ही दिखे।

12 फरवरी को यूपी गेट पर सर्विस लेन हुई थी बंद

किसानों को दिल्ली में घुसने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने 12 फरवरी को यूपी गेट पर सर्विस लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया था। सीमेंट के बैरिकेड के साथ दीवार खड़ी कर दी थी और इस पर भी कंटीले तार लगा दिए थे। आसपास काफी गहरा गड्ढा खोद दिया था। इसी तरह डीएमई और एनएच-नौ पर भी डेढ़ से दो लेन रोककर बैरिकेड रख दिए थे। ऊपर पुलिस के वाहन, कंटेनर आदि रखकर तंबू लगाकर कंट्रोल रूम बनाया गया था। तभी से वाहन चालकों को यूपी गेट पर जाम से जूझना पड़ रहा था। मंगलवार शाम बैरिकेड हटा लिए थे और देर रात सीमेंट की दीवार तोड़ने का काम भी शुरू कर दिया था।

वैशाली और मोहन नगर की तरफ जाना आसान

सर्विस रोड के खुलने से कौशांबी और वैशाली के लोगों के लिए बड़ी राहत है। यहां तक कि यूपी गेट से मोहन नगर की तरफ से जाने वालों को भी फायदा मिलेगा। रास्ता बंद होने से लोगों को सूर्य नगर, महाराजपुर और जीटी रोड की तरफ से जाना पड़ रहा है। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड आदि हटाने शुरू कर दिए हैं। पीएसी को पहले ही हटा लिया था और अब कुछ पुलिसकर्मी रास्ता साफ होने तक नजर रखेंगे।

फ्लाईओवर अभी भी बंद

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर और टीकरी बॉर्डर पर रखे गए बैरिकेड भी पुलिस ने हटा लिए हैं। हालांकि, सिंघु बॉर्डर पर फ्लाईओवर को अभी बंद रखा गया है। जानकारी के अनुसार, किसानों द्वारा बीते 13 फरवरी को दिल्ली कूच की घोषणा की गई थी। इसके चलते 10 फरवरी से ही हरियाणा से सटे दिल्ली के दो बॉर्डरों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। यहां पर न केवल सीमेंट कंक्रीट के बैरिकेड लगाए गए थे बल्कि पुलिस के बैरिकेड लगाकर भी रास्तों को बंद किया गया था।

मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर पर अभी बैठे हैं किसान

पंजाब और हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर अभी काफी संख्या में किसान बैठे हैं। इस कारण वहां अभी पुलिसकर्मी भी डटे हैं। किसानों ने कहा है कि वे 23 मार्च को एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वे पीछे नहीं हटेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर अस्थि कलश यात्रा निकाली जा रही है। मंगलवार से 2 दिन यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल यात्रा निकलेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts