जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में अधीक्षण अभियंता पद पर कार्यरत अविनाश शर्मा के ठिकानों पर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुसंधान अधिकारी ज्ञान प्रकाश नवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी जयपुर के नेतृत्व में दर्जनभर टीमों ने जयपुर में विभिन्न स्थानों और जेडीए कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया।
सूत्रों और गोपनीय सत्यापन के आधार पर पाया गया कि अविनाश शर्मा ने राजकीय सेवा में नियुक्ति के बाद से अब तक करीब 6.25 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की, जो उनकी वैध आय से 253 प्रतिशत अधिक है।

जांच में यह भी सामने आया कि जयपुर के प्रमुख क्षेत्रों गोपालपुरा मोड़, मानसरोवर, सांगानेर, पृथ्वीराज नगर, जगतपुरा, प्रतापनगर और रिंग रोड के आसपास 50 से अधिक संपत्तियां खरीदी और विकसित की गईं, जिनमें करोड़ों रुपये खर्च हुए।
अधिकारियों को संदेह है कि अविनाश शर्मा ने भ्रष्टाचार के माध्यम से गृह निर्माण समितियों और बिल्डर्स को नियमों के विपरीत लाभ पहुंचाया और बदले में खुद या परिवार के नाम पर सस्ते दामों पर भूखंड खरीदे। इन संपत्तियों की कीमत भी करोड़ों रुपये आंकी गई है।
अविनाश शर्मा और उनके परिवार के सात बैंक खातों में करीब 30 लाख रुपये मिले। इसके अलावा, उन्होंने मणिपाल यूनिवर्सिटी और पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में अपनी बेटियों की शिक्षा पर 50 लाख रुपये खर्च किए।
जांच में यह भी सामने आया कि 90 लाख रुपये म्यूचुअल फंड में निवेश किए गए और चारपहिया व दोपहिया वाहनों की खरीद व संचालन पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए गए।
एसीबी ने इन ठिकानों पर की छापेमारी
- मकान नंबर 157, हिम्मत नगर, गोपालपुरा मोड़, जयपुर
- जयपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय और इसके विभिन्न जोन कार्यालय
- प्लॉट नंबर 10.21, कीर्ति सागर, बदरवास, जयपुर (रघुराम ढाबा)
- प्लॉट नंबर 58, इनकम टैक्स कॉलोनी प्रथम, जगतपुरा, जयपुर
- किंजल कॉलोनाइज़र प्राइवेट लिमिटेड, SACRED COLONISERS PVT LTD और नीलकंठ रियल स्टेट प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय, 101 वास्तुश्री कॉलोनी, मांगियावास, जयपुर
- सी-371, प्रधान मार्ग, मालवीय नगर, जयपुर
- प्लॉट नंबर 75, राठी नगर, बदरवास, जयपुर
जांच एजेंसी को शक है कि अविनाश शर्मा ने जेडीए में पदस्थापन के दौरान कई कॉलोनियों और स्कीमों के नियमन में अनियमितताएं कीं और डेवलपर्स को नियमों के विपरीत फायदा पहुंचाया। इसी सिलसिले में जेडीए के विभिन्न जोन और कार्यालयों में भी तलाशी ली जा रही है।















