मुजफ्फरनगर। जिले में आगामी 1 नवंबर 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन और अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में शिविर की तैयारियों, विभागीय व्यवस्थाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर चर्चा की गई।
नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से पहले अपने-अपने विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने स्तर पर पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करें और उन्हें शिविर में आमंत्रित कर योजनाओं से लाभान्वित कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईटीआई परिसर में अपने-अपने विभाग से संबंधित स्टॉल लगाए जाएं। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, जिन पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मौके पर दिया जा सकता है, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराते हुए लाभान्वित किया जाए।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं तथा विधिक सहायता की सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियां समय से पूरी कर लें।
बैठक में उपायुक्त स्वतः रोजगार एवं डीसी मनरेगा के.एन. पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, अपर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, जिला कृषि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















