शुकतीर्थ के विकास को मिलेगी गति, 21 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत.

मुजफ्फरनगर। जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल शुकतीर्थ के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 21 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से शुकतीर्थ और आसपास के धार्मिक स्थलों के विकास को गति देने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। शासन की ओर से शुकताल के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे पूर्व शुकतीर्थ के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये तथा कल्लरपुर कचौली स्थित मंदिर के विकास के लिए 1.25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ मुजफ्फरनगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। इस पवित्र स्थल से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्थलों का समुचित विकास कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक गरिमा को मजबूत करना है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत धनराशि से प्रस्तावित विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ तीर्थस्थलों के विकास पर कार्य कर रही है। शुकतीर्थ के विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थल का विकास केवल सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि जनपद की आस्था, संस्कृति और गौरव को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts