मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के छात्र शिव चौधरी ने प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। बरेली में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शिव ने सहारनपुर मंडल का प्रतिनिधित्व किया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर मंडल चैंपियन बनने का गौरव भी प्राप्त किया।
शिव चौधरी की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जड़ौदा निवासी अनुज चौधरी के पुत्र शिव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास को दिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय की ओर से योगाचार्य सतकुमार बरेली में मौजूद रहे और उन्होंने छात्र का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रर्वेंद्र दहिया ने शिव चौधरी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिव और उसके परिवार को बधाई देते हुए उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी शिव चौधरी और उसके माता-पिता को बधाई दी। शिक्षकों ने कहा कि शिव की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।















