लखनऊ नगर निगम सदन की शुक्रवार को शुरू हुई बैठक हंगामों के साथ हुई। महापौर ने सीधे चर्चा शुरू करा दी। इस पर उनकी ही पार्टी भाजपा के 20 से अधिक पार्षद विरोध में उठ खड़े हुए। पार्षद बोले, ऐसे नहीं चलेगा।पहले पिछले सदन में जो कार्रवाई हुई थी उसकी पुष्टि होनी चाहिए।
पार्षदों के बीच सफाई, कूड़ा, सड़क तथा सीवर को लेकर आक्रोश है जो सदन में दिखाई पड़ रहा है। पहली बार भाजपा के पार्षद दो धड़ों में बंटे दिख रहे हैं। ऐसे में विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के पार्षदों का आक्रोश का भी मेयर को सामना करना पड़ रहा है। एक दिन पहले ही पार्षदों ने नगर निगम में ही अलग बैठकें की हैं। अपनी रणनीति बनायी है। बहरहाल, भाजपा पार्षद देव शर्मा मिश्रा मुन्ना मिश्रा, नागेंद्र सिंह चौहान, राजेश सिंह गब्बर, प्रमोद सिंह राजान, भ्रगुनाथ शुक्ला सहित कई पार्षद विरोध में खड़े हो गए। पिछले सदन की बैठक में उठे मुद्दे वा समस्याएं जो पार्षदों ने उठाए थे उसका निस्तारण नहीं होने पर हंगामा किया। कहा अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। सुनवाई नहीं करते।
फेंक दिया माइक, कहा दबा रहे हैं आवाज
माइक खराब होने पर भी विवाद होने लगा। करीब पौने 12 बजे पार्षदों ने माइक खराब होने पर भी हंगामा शुरू कर दिया। कई पार्षदों ने कहा की माइक से आवाज नहीं आ रही है। उनकी आवाज दबाई जा रही है। कुछ पार्षदों ने आरोप लगाते हुए माइक फेंक दिया।
इन मुद्दों की वजह से हो रहा हंगामा-
कूड़ा, सफाई व सड़क की सफाई
सीवर सफाई व पेयजल की समस्या
कूड़ा निस्तारण के लिए दागदार कंपनी को ठेका
बीजेपी पार्षदों ने कैसरबाग, अमीनाबाद में अतिक्रमण का मुद्दा ने जोर-
शोर से उठाया
नगर निगम सदन में शुक्रवार को भाजपा पार्षदों ने अमीनाबाद तथा कैसरबाग में अतिक्रमण का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। पार्षदों ने कहा कि स्थिति यह हो गई है कि अमीनाबाद में अतिक्रमण से आम आदमी जा नहीं सकता है। नगर निगम की दुकानों में अवैध निर्माण व कब्जा कर लिया गया है। बढ़ाकर दुकान बनाई गई हैं। सड़कों पर कब्जे हो गए हैं। इसका असर कैसरबाग तक है। पूरा कैसरबाग, बस अमीनाबाद जाम रहता है। आम आदमी यहां जाने से कतराते हैं। बीजेपी पार्षद रंजीत सिंह ने कहा कि अमीनाबाद में नगर निगम की दुकानें हैं। उन पर पिछले सदन में कार्रवाई की बात हुई थी। लेकिन कोई काम नहीं किया गया। जिससे अमीनाबाद जाम रहता है। कैसरबाग के आसपास कई हॉस्पिटल हैं। यहां आने वाले मरीजों को भी दिक्कतें होती हैं। भाजपा के अनुराग मिश्रा ने चौक क्षेत्र में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। कहा कि यहां अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। जिसकी वजह से सड़कों पर चलना मुश्किल है।
सदन में पुलिस व ट्रैफिक के अफसरों को बुलाएंगे
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि अतिक्रमण के लिए अगली बार से सदन की बैठक में पुलिस वा ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया जाएगा। अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम पर पुलिस को भी कार्रवाई करनी होती है। इसलिए सदन में उसे भी होना चाहिए।