50 छात्रों के लिए छात्रावास के निर्माण की कवायद शुरूदुगड्डा। ब्लॉक के एकमात्र कलस्टर विद्यालय जीआईसी दुगड्डा में मूलभूत सुविधाएं जुटाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत विद्यालय में 12 नए कक्ष बनाए जाएंगे।शासन की ओर से कक्षाओं के निर्माण के लिए 1.03 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। कार्यदायी संस्था उप प्रबंधक (तकनीकी) उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड, देहरादून को बनाया गया है। साथ ही विद्यालय में 50 छात्रों के रहने के लिए छात्रावास का निर्माण भी प्रस्तावित है।
प्रदेश सरकार की ओर से नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए आसपास के कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों का विलय कर एक कलस्टर विद्यालय बनाने का निर्णय लिया गया। योजना के तहत सरकार ने प्रदेश भर में 100 विद्यालयों का चयन कलस्टर विद्यालय के रूप में किया है। इसमें जीआईसी दुगड्डा भी शामिल है।
कलस्टर विद्यालय में मानक के अनुरूप 35 कक्ष होने अनिवार्य हैं। वर्तमान में इस विद्यालय में 23 कक्ष ही हैं। 12 अन्य कमरों के निर्माण के लिए शासन की ओर से बजट स्वीकृत कर दिया गया है। इसके अलावा विद्यालय में 50 विद्यार्थियों के रहने के लिए छात्रावास का निर्माण भी प्रस्तावित है। पेयजल निर्माण निगम ने छात्रावास के निर्माण के लिए सर्वे कर विद्यालय परिसर में भूमि का चयन कर लिया है। जल्द ही छात्रावास का डिजायन और डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजी जाएगी।
-कलस्टर विद्यालय की मान्यता मिलने के बाद सह शिक्षा अभियान के तहत नए शैक्षिक सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय में 12 कक्षों के निर्माण के लिए शासन ने 1.03 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। छात्रावास के निर्माण के लिए पेयजल निर्माण निगम ने सर्वेक्षण का कार्य भी पूरा कर लिया है।















