मुजफ्फरनगर। हिंदी दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर संकल्प की ओर से न्यू होराइजन स्कूल में हिंदी विषय पर आधारित ड्रॉइंग एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 350 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपने भाव, कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दो श्रेणियों में विशेष पुरस्कार, उपहार एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।क्लब की सचिव रोटेरियन रितिका भार्गव ने बच्चों को दैनिक जीवन में हिंदी भाषा का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा के प्रति सम्मान हमारी संस्कृति और पहचान के प्रति सम्मान है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी मित्तल, नमन मित्तल सहित शिक्षकगण एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। रोटेरियन नियम शर्मा, मनोज शर्मा, आकाश भार्गव, प्रेरक जैन और विकास भार्गव ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। हिंदी दिवस और गणेश चतुर्थी पर सभी को शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन ने बच्चों में रचनात्मकता और मातृभाषा के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया।















