सलमान खान की ‘मातृभूमि’ 4 दिसंबर को होगी रिलीज, श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ से बॉक्स ऑफिस पर टक्कर.

सलमान खान की फ‍िल्‍म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्‍ट इन पीस’ की नई र‍िलीज डेट आ गई है। यह द‍िसंबर में श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ से बॉक्‍स ऑफिस पर टकराएगी। सलमान का पलड़ा यकीनन भारी है, लेक‍िन ‘ईठा’ को लेकर भी दर्शकों में उत्‍सकुकता है, ऐसे में सवाल ये क‍ि क्‍या सलमान की लगातार 18 फ‍िल्‍मों के बाद 19वीं भी 100 करोड़ क्‍लब में शाम‍िल हो पाएगी?सुपरस्टार सलमान खान की फिल्‍म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्‍ट इन पीस’ की रिलीज डेट की घोषणा हो गई है। यह फिल्‍म पहले 18 मार्च को ही रिलीज होने वाली थी, लेकिन उसके बाद से ही यह सेंसर बोर्ड के पास अटकी पड़ी है। शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर सलमान ने खुद अपनी वॉर-ड्रामा फिल्म की रिलीज का ऐलान किया। बताया कि यह अब 4 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अपूर्व लाखिया के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्म में सलमान खान लीड रोल में हैं। यह साल 2020 में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई गलवान घाटी की झड़प पर आधारित है। हालांकि, इस नई रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही अब बॉक्‍स ऑफिस पर एक बड़े क्‍लैश भी होने वाला है, क्‍योंकि इसी दिन श्रद्धा कपूर की बायोपिक ड्रामा फिल्म ‘ईठा’ भी रिलीज हो रही है।

जाहिर है कि अब दिसंबर की शुरुआत में ही बॉक्‍स ऑफिस पर एक बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। खासकर तब, जब सलमान की लगातार पिछली 18 फिल्‍में 100 करोड़ क्‍लब का हिस्‍सा हैं। यह एक ऐसा महारिकॉर्ड है, जिस पर सिर्फ ‘भाईजान’ का नाम है। हालांकि, ‘ईठा’ को लेकर भी दर्शकों में उत्‍साह है, ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि सलमान की ‘मातृभूमि’ उनकी लगातार 19वीं फिल्‍म 100 करोड़ी फिल्‍म बनेगी, या फिर भाईजान को इस बार झटका लगेगा।

सलमान ने ‘मातृभूमि’ में सरकार की दखलअंदाज को किया खारिज

मातृभूमि: मे वॉर रेस्‍ट इन पीस’ का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। शुक्रवार को मुंबई में सलमान खान, चित्रांगदा सिंह और फिल्‍म की बाकी कास्‍ट की मौजूदगी में मीडिया के कुछ चुनिंदा लोगों को ट्रेलर भी दिखाया गया। इस मौके पर फिल्म की रिलीज में हुई देरी के बारे में पूछने पर सलमान ने बताया कि यह VFX में देरी के कारण हुआ है। उन्‍होंने इसके साथ ही उन खबरों को भी खारिज किया, जिसमें कहा जा रहा था कि भारत सरकार ने फिल्‍म की कहानी में बदलाव किए हैं, साथ ही कहीं भी चीन के नाम का जिक्र करने के लिए मना किया है।

सलमान खान बोले- VFX के कारण हुई फिल्‍म की रिलीज में देरी

सलमान खान ने कहा, ‘हमारी टीम यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) एकदम बेहतरीन हों। आजकल कई VFX एक्सपर्ट्स हैं जो फिल्म के हर एक शॉट को बारीकी से देखते हैं। इसलिए, हम इस फिल्म में किसी को भी ऐसा मौका नहीं देना चाहते कि वे किसी सीन को जूम करके देखें और उसके VFX की आलोचना करें। हम चाहते हैं कि फिल्म के विजुअल्स देखकर हर कोई हैरान रह जाए। इसे बहुत खूबसूरती से शूट किया गया है।

चित्रांगदा सिंह की चोट की वजह से भी शूटिंग में देरी हुई

सलमान खान ने आगे देरी का एक और कारण बताया। कहा, ‘हमें लगा था कि हम 45-50 दिनों में फिल्म पूरी कर लेंगे, लेकिन मैडम (चित्रांगदा सिंह की ओर इशारा करते हुए) घायल हो गईं और उन्हें ठीक होने में समय लग गया। पहले हम इस फिल्म को जनवरी या जून में रिलीज करने वाले थे, लेकिन फिर इसे अगस्त के लिए टाल दिया गया। अब, हम इसे 4 दिसंबर को रिलीज करेंगे।’

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts