मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के स्वच्छ भारत मिशन और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त सहयोग से पालिका परिसर स्थित सभागार में ‘बंधन स्वच्छता का’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रक्षाबंधन पर्व को स्वच्छता के संदेश से जोड़ते हुए सफाई मित्रों के साथ पर्व मनाया गया। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने सफाई मित्रों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रक्षाबंधन जिस तरह प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है, उसी तरह स्वच्छता भी शहरवासियों को जिम्मेदारी के सूत्र में बांधती है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।
कार्यक्रम में जैन कन्या इंटर कॉलेज, गॉड ब्लेस एकेडमी, सनातन धर्म कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज और न्यू हॉरिजन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार समेत अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधी। इस दौरान सभी ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि संरक्षण और जिम्मेदारी की भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से अपने घर, विद्यालय, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनू चौधरी, सीएसएफआई योगेश कुमार, डीपीएम एसबीएम सुशील कुमार, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, एसबीएम लिपिक रुचि शर्मा, आईटीसी मिशन सुनहरा कल से दीपक सैनी, सफाई नायक कुमार गौरव व मनोज कुमार, जेएस एनवायरो सर्विसेज के प्रोजेक्ट हेड नीतीश चौधरी, स्वच्छता चैंपियन मिथलेश सिंह सहित विद्यालयों की अध्यापिकाएं, छात्राएं और पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।























































