बाँदा। बुंदेलखंड की धरती बांदा के ऐतिहासिक अशोक लाट से आज एक बड़े आंदोलन की चिंगारी सुलगी। अयोध्या वासी वैश्य समाज के सैकड़ों लोगों ने सफेद टोपी पर अयोध्या वासी वैश्य आरक्षण लिखकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।आंदोलन का नेतृत्व कर रहे समाज के पदाधिकारियों ने कहा हमारी लड़ाई आज की नहीं, पिछले 20 सालों से हमारे पूर्वजों ने यह लड़ाई शुरू की थी। जो धार कमजोर पड़ गई थी, आज उसे फिर से तेज करने के लिए पूरा समाज यहां इकट्ठा हुआ है।”समाज के लोगों का कहना है कि बगल के मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में अयोध्या वासी वैश्य समाज पिछड़ा वर्ग में शामिल है, लेकिन उत्तर प्रदेश में आज भी उन्हें सामान्य वर्ग में रखा गया है, जो उनके साथ सरासर अन्याय है।
प्रदर्शन के बाद समाज के लोगों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। एक वक्ता ने साफ कहा जब तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार और पूज्य योगी जी हमारी मांग पूरी नहीं कर देते, तब तक यह ज्वाला बुझने नहीं देंगे। अशोक लाट से जो चिंगारी उठी है, इसे हम पूरे प्रदेश में आंदोलन की ज्वाला बनाएंगे। समाज ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांग को उचित फोरम पर नहीं उठाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कई सैकड़ा लोग प्रदर्शन करने व ज्ञापन सौंपने में मौजूद रहे।















