मुजफ्फरनगर। बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस ने व्यापारियों से धोखाधड़ी कर धनराशि हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
गृह मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल ‘प्रतिबिम्ब’ पर मिली साइबर अपराध संबंधी शिकायतों के तकनीकी विश्लेषण में ठगी की रकम मुजफ्फरनगर से एटीएम के जरिए निकाले जाने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘विजन ट्रेड इंडिया’ नामक वेबसाइट के माध्यम से थोक व्यापारियों को देश-विदेश में सामान बेचने और बड़े व्यापारिक ऑर्डर दिलाने का झांसा देते थे। कृषि उत्पाद, कपड़े, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और रसायन आदि के विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने के नाम पर व्यापारियों से सब्सक्रिप्शन व सदस्यता शुल्क के रूप में लाखों रुपये लिए जाते थे। इसके बाद GMP, ISO और ICE-UK जैसे प्रमाण-पत्रों के सत्यापन व अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा कराई जाती थी। जांच में ये प्रमाण-पत्र फर्जी पाए गए। रकम लेने के बाद आरोपी कॉल और व्हाट्सऐप संदेशों का जवाब देना बंद कर देते थे। पुलिस जांच में विभिन्न राज्यों की 30 से अधिक शिकायतों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। अन्य मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच जारी है।















