मुजफ्फरनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। जिला पंचायत सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में अधिकारियों ने देश की संप्रभुता, एकता और सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और आदर्शों को अपनाते हुए देश की एकजुटता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
इस दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से आज भी देशवासियों को प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि है।















