मुजफ्फरनगर। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मंसूरपुर थाना पुलिस ने अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1080 किलोग्राम अवैध पटाखे और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन और क्षेत्राधिकारी खतौली के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक मंसूरपुर विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, थाना मंसूरपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मुबारिकपुर जंगल में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल पुलिस टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने ग्राम मुबारिकपुर के जंगल में छापेमारी कर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1080 किलोग्राम अवैध पटाखे तथा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।मामले में थाना मंसूरपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 291/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 288, 125 तथा विस्फोटक अधिनियम 1984 की धारा 5/9बी(1)(ए) व 9बी(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।















