मुजफ्फरनगर के गुड़ को मिला जीआई टैग, अब विश्व बाजार में बनेगी अलग पहचान.

मुजफ्फरनगर। जनपद के प्रसिद्ध गुड़ उत्पाद के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत चयनित मुजफ्फरनगर के गुड़ को जीआई टैग में शामिल कर लिया गया है। इससे जनपद के गुड़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक विशेष पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, जैस्मिन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जीआई टैग मिलने से मुजफ्फरनगर के गुड़ की विशिष्ट पहचान को नई मजबूती मिलेगी। यह उपलब्धि जनपद की समृद्ध कृषि परंपरा, संस्कृति और गुड़ उत्पादन से जुड़े किसानों एवं व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों को पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि जीआई टैग यानी भौगोलिक संकेतक किसी विशेष क्षेत्र में उत्पादित विशिष्ट वस्तु की पहचान का प्रमाण होता है। इसके माध्यम से संबंधित उत्पाद को उसके भौगोलिक क्षेत्र से जोड़कर विशेष पहचान मिलती है। इससे उत्पाद की प्रतिष्ठा बढ़ाने, बाजार में उसकी अलग पहचान स्थापित करने और उत्पादकों के हितों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलती है। मुजफ्फरनगर का गुड़ लंबे समय से अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए जाना जाता है। जीआई टैग से इसकी पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने का अवसर मिलेगा।जैस्मिन ने बताया कि राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से उत्तर प्रदेश के 77 उत्पादों को जीआई पहचान प्राप्त है। अब मुजफ्फरनगर का गुड़ भी इस पहचान के माध्यम से अपनी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने जनपद के सभी गुड़ उत्पादकों और व्यापारियों से अपील की कि वे अपने गुड़ के उत्पादन तथा वैक्यूम पैकेजिंग के लिए जीआई टैग से संबंधित पंजीयन जल्द से जल्द कराएं। इससे उत्पाद की गुणवत्ता, पहचान और बाजार में पहुंच को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकती है। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक उत्पादक और व्यापारी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, औद्योगिक आस्थान, सूजडू, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर में संपर्क कर सकते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts