मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार ने पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देते हुए ग्राम शेरपुर नगला से रामनगर तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित किए जाने वाले संपर्क मार्ग का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इस सड़क के बनने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा आने-जाने में लगने वाले समय और संसाधनों की बचत होगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री अनिल कुमार ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि संपर्क मार्ग का निर्माण केवल सड़क बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ-साथ लोगों के दैनिक जीवन को भी सुगम बनाती हैं। इससे ग्रामीणों को अपने जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि विकास की निरंतरता बनाए रखना और जनता की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है। सरकार क्षेत्र की प्रगति और लोगों की आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर संपर्क मार्गों से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जताते हुए मंत्री अनिल कुमार का आभार व्यक्त किया।















