बारिश से बची टीम इंडिया की लाज,

इंद्रदेव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में टीम इंडिया की इज्जत बचा ली. 135 रन के चेज के लिए मैदान पर मौजूद टीम इंडिया 26 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 113 रन पर पहुंच पाई थी कि बारिश शुरू हो गई. भारत को जीत के लिए 22 रनों की दरकार थी. हालांकि 15 ओवर बाकी थे. केएल राहुल और आकिब नबी क्रीज पर थे. राहुल 26 रन पर आकिब 01 रन पर खेल रहे थे. टीम इंडिया DLS के तहत 4 रन से आगे थी. इसी के चलते जब बगैर मैच पूरा किए बगैर DLS मैथड के सहारे से नतीजा निकाला गया, तो टीम इंडिया को 04 रन से जीत मिल गई.पहले ही बारिश के चलते मुकाबला 47-47 ओवर का खेला गया. मेजबान न्यूजीलैंड पहले बैटिंग करने के बाद 41 ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए डेरिल मिचेल ने 5 चौके और 2 छक्के लगाकर 55 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. कप्तान मिचेल सेंटनर ने 31 रन बनाए. बाकी कोई भी बल्लेबाज 15 रन का आंकड़ा नहीं छू सका. इस दौरान टीम इंडिया के लिए गुरनूर बरार ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. बाकी आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए.

135 के चेज में अटकी टीम इंडिया की सांसें

छोटे से चेज में टीम इंडिया की हालत खस्ता थी. कप्तान शुभमन गिल (00), रोहित शर्मा (23) और विराट कोहली (07) फ्लॉप रहे थे. 47 रन पर 4 विकेट गिर गिए थे. इसके बाद भारत के लिए जीत बहुत मुश्किल लगने लगी थी. फिर केएल राहुल (26*) और श्रेयस अय्यर ने पांचवें विकेट के लिए 39 (43 गेंद) रनों की साझेदारी करके टीम को कुछ स्थिरता प्रदान की. 86 रन पर टीम का पांचवां अय्यर के रूप में विकेट गिरा. अय्यर ने 46 गेंद में 4 चौके और 1 छक्का लगाकर 30 रन की पारी खेली.

इसके बाद राहुल ने नमन धीर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 22 (28 गेंद) रनों की साझेदारी की. 108 रन के स्कोर पर छठा विकेट गिरा, जब नमन धीर आउट हुए. उन्होंने 16 गेंद में 2 चौकों की मदद से 12 रन बनाए. 111 रन अंशुल कंबोज (01) आउट हो गए. अब आकिब नबी क्रीज पर आए. राहुल और आकिब नबी ने मिलकर 113 रन तक स्कोर पहुंचाया, तभी बारिश आ गई. मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका. गनीमत रही कि टीम इंडिया 4 रन से आगे थी तो उन्हें जीत मिल गई. इस दौरान न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमिसन और जैकब डफी ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए. बाकी मैथ्यू फिशर ने 1 विकेट अपने खाते में डाला. दूसरे मैच में जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज 2-0 की बढ़त बना ली है. तीसरा वनडे 10 नवंबर (मंगलवार) को खेला जाएगा.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts