मुजफ्फरनगर। पुलिस परिवार के बच्चों की शिक्षा और करियर निर्माण को लेकर वामा सारथी की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वामा सारथी जनपद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष डाॅ. नीलम राय वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के विशेष प्रयासों से आकाश इंस्टीट्यूट मुजफ्फरनगर ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें और अध्ययन सामग्री भेंट की।
कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। बच्चों को IIT-JEE, NEET, NDA सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक रणनीति और अध्ययन पद्धति के बारे में भी बताया गया। आकाश इंस्टीट्यूट के मैनेजर शाहनवाज अहमद, एकेडमिक काउंसलर नितिन कुमार और उनकी टीम ने बच्चों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर डाॅ. नीलम राय वर्मा ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे पूरे मन से पढ़ाई करें और जरूरत के अनुसार लाइब्रेरी में अतिरिक्त पुस्तकें व अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत जरूरी है। वामा सारथी का उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों को शिक्षा और करियर के क्षेत्र में आवश्यक संसाधन एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।















