बांदा। शहर में इन दिनों दो पैरों वाले नहीं, चार पैरों वाले अपराधी ने आतंक मचा रखा है। शहर की सड़कों पर एक आवारा पागल खच्चर बेलगाम घूम रहा है और जिसको देखो उसी पर टूट पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ये पागल खच्चर पिछले कई दिनों से शहर के मुख्य चौराहों को अपना अड्डा बनाए हुए है। काली देवी मंदिर के पास सुबह-सुबह दर्शन करने वालों को दौड़ा रहा है। छावनी चौराहा और मार्ट के पास दुकानदारों की नींद उड़ा रखी है। गूलर नाका स्टेशन, डिग्गी चौराहा, अमर टॉकीज चौराहा, भूरागढ़ चौराहा समेत अन्य व्यस्त इलाकों में ये पागलों की तरह इधर-उधर भाग रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ये खच्चर अचानक लोगों पर हमला कर देता है, कई लोगों को काटकर और लात मारकर घायल कर चुका है। बाइक सवार और पैदल चलने वाले सबसे ज्यादा इसके निशाने पर हैं।
सबसे बड़ा सवाल ये है कि शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े घूम रहे इस आवारा जानवर पर नगर पालिका और प्रशासन की नजर क्यों नहीं पड़ रही? लोग दहशत में हैं, बच्चे स्कूल जाने से डर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया है।शहरवासियों ने मांग की है कि इस पागल खच्चर को जल्द से जल्द पकड़कर अन्य किसी स्थान पर भेजा जाए, इससे पहले कि ये किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम दे दे।















