बाँदा। बघेलावारी गांव में रविवार रात हुआ मामूली विवाद एक हंसते-खेलते परिवार के लिए मातम में बदल गया। 36 वर्षीय अमृत लाल पटेल ने पत्नी से कहासुनी के बाद कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।सोमवार सुबह शव फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक अमृत लाल पुत्र इंद्रपाल पटेल बिल्डिंग मटेरियल की दुकान चलाता था। रोज की तरह रविवार रात दुकान बंद कर वह घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक रात में किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में वह उठकर दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सुबह काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो पत्नी ने दरवाजा खटखटाया,
लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो सामने का दृश्य देख चीख निकल गई। अमृत लाल का शव छत के कुंडे से फंदे पर झूल रहा था। घटना की सूचना पर फतेहगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र ने बताया कि अमृत लाल शांत स्वभाव का था, लेकिन छोटी सी बात पर हुआ विवाद इतना बड़ा रूप ले लेगा किसी ने सोचा नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।















