ईरानी कप में अपनी शानदार गेंदबाजी के जरिए आकाश दीप और मुकेश कुमार ने टीम इंडिया में अपनी वापसी की दावेदारी ठोक दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूजीलैंड दौरे के लिए चयनकर्ता उनके सिलेक्शन पर भी विचार कर सकते हैं.भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. भारत कीवी टीम के खिलाफ 5 वनडे, 5 T20I और 2 टेस्ट मैच खेलने जा रहा है. न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम सिलेक्शन पर सभी की नजर है, क्योंकि अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद पहली बार चयनकर्ताओं की टीम के चयन के लिए बैठक होगी. भारतीय टेस्ट स्क्वाड पर सभी की नजर है, क्योंकि पिछली बार न्यूजीलैंड ने भारत को 3-0 से हरा दिया था. अब बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार और आकाश दीप की इस दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में वापसी संभव है.
आकाश दीप और मुकेश कुमार की वापसी संभव
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश दीप और मुकेश कुमार न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. आकाश दीप की टेस्ट टीम में वापसी की खबर कुछ समय पहले सामने आई थी और अब मुकेश कुमार के कमबैक को लेकर भी चर्चा हो रही है. रिपोर्ट में बताया गया है कि गौतम गंभीर के नेतृत्व वाली टीम मैनेजमेंट ने आकाश दीप को न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनने की इच्छा जताई है. ईरानी कप के समापन के बाद अब टीम मैनेजमेंट चाहती है कि चयनकर्ता मुकेश कुमार के नाम पर भी विचार करें. इन दोनों का टीम इंडिया में कमबैक हो सकता है.
ईरानी कप में किया शानदार प्रदर्शन
रेस्ट ऑफ इंडिया और जम्मू-कश्मीर के बीच ईरानी कप का मैच देखने को मिला. इस मुकाबले में आकाश दीप और मुकेश कुमार ने रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेलते हुए बेहतरीन गेंदबाजी की. आकाश ने पहली पारी में 43 रन देकर 3 विकेट और दूसरी पारी में 45 रन देकर 3 विकेट झटके. दोनों पारियों में आकाश दीप ने सटीक गेंदबाजी की.मुकेश कुमार ने भी इस मैच में कुल 8 विकेट हासिल किए. पहली पारी में वह दो विकेट झटकने में सफल रहे, वहीं दूसरी पारी में मुकेश ने 33 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए. दोनों ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए सिलेक्शन मीटिंग से पहले अपनी इस गेंदबाजी के दम पर टीम मैनेजमेंट को उनके चयन पर विचार करने के लिए मजबूर कर दिया है. बता दें कि आकाश दीप ने अगस्त 2025 में टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच खेला था, वहीं मुकेश कुमार फरवरी 2024 के बाद से टेस्ट टीम से बाहर हैं.
कब होगा टीम इंडिया का सिलेक्शन?
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले हफ्ते चयन समिति की बैठक होगी, जिसमें न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड चुने जाएंगे. बता दें कि अजीत अगरकर की विदाई के बाद प्रज्ञान ओझा को फिलहाल चयन समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है. अभी नए चयनकर्ता का ऐलान नहीं हुआ है और तब तक चार सदस्यीय समिति ही भारतीय टीम के स्क्वाड का चयन करेगी. इसका सीधा अर्थ है कि अगले हफ्ते न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट, वनडे और T20I टीम का खुलासा हो जाएगा.















