भारत सरकार ने थाईलैंड के पर्यटकों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. अब थाई नागरिक बिना किसी शुल्क के 30 दिन का ई टूरिस्ट वीजा ले सकेंगे. इस वीजा के तहत उन्हें दो बार भारत आने की छूट मिलेगी. यह सुविधा 31 दिसंबर 2027 तक या अगले आदेश तक लागू रहेगी. भारत का मकसद थाई नागरिकों के लिए भारत यात्रा को और भी आसान बनाना है. थाईलैंड में भारतीय दूतावास ने 11 सितंबर को यह जानकारी दी थी.
मुफ्त वीजा का फायदा
नए नियम के तहत थाई नागरिक जो पर्यटन के लिए भारत आना चाहते हैं, वे बिना कोई वीजा शुल्क दिए ई टूरिस्ट वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं. यह वीजा 30 दिन तक वैध रहेगा और इस दौरान यात्री दो बार भारत में एंट्री कर पाएंगे. इससे थाई यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में ज्यादा सुविधा मिलेगी.थाईलैंड में भारतीय दूतावास ने अपने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर घोषणा की, “यह घोषणा!” इसके साथ ही उन्होंने मुफ्त वीजा व्यवस्था का विवरण साझा किया था.
थाईलैंड ने भी बदली एंट्री पॉलिसी
यह फैसला ऐसे समय आया है जब थाईलैंड भी भारतीय पर्यटकों के लिए अपनी वीजा छूट नीति में बदलाव कर रहा है. थाईलैंड की नई नीति 15 सितंबर से लागू हो गई है. इसके तहत, सामान्य भारतीय पासपोर्ट धारक पर्यटक वीजा के बिना थाईलैंड जा सकते हैं और 30 दिनों तक वहां रुक सकते हैं.थाईलैंड के आंतरिक मंत्रालय ने इस नीति की घोषणा की थी. यह दोनों देशों के बीच यात्रा को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है.
भारतीय यात्रियों के लिए जरूरी दिशानिर्देश
हालांकि, थाईलैंड में भारतीय दूतावास ने भारतीय यात्रियों को कुछ जरूरी बातें याद दिलाई हैं. यात्रियों के पास कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए. साथ ही, वापसी का कंफर्म टिकट, होटल की बुकिंग और एक स्पष्ट यात्रा कार्यक्रम भी जरूरी है.थाईलैंड पहुंचने से 72 घंटे पहले थाईलैंड डिजिटल अराइवल कार्ड (TDAC) भरना भी अनिवार्य है. दूतावास ने बताया कि यात्रियों को प्रति व्यक्ति कम से कम 20,000 थाई बात (THB) नकद भी अपने पास रखने चाहिए और इमिग्रेशन जांच के लिए अपने सभी यात्रा दस्तावेज तैयार रखने चाहिए.















