मुजफ्फरनगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के सफल, सुचारू और व्यवस्थित संचालन के लिए बुधवार को एस.डी. पब्लिक स्कूल, भोपा रोड में तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों और संबंधित अधिकारियों से प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ ग्रहण करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि फील्ड स्तर पर जनगणना कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्षता, पारदर्शिता और पूरी शुद्धता के साथ कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग, आंकड़ों की शुद्धता तथा सभी स्तरों पर आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 की विस्तृत प्रक्रिया, डिजिटल प्रणालियों एवं तकनीकी संसाधनों के उपयोग, फील्ड स्तर पर अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली तथा मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिए जाने वाले प्रशिक्षण की रूपरेखा की जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अधिकारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरी गंभीरता, अनुशासन और दक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना कार्य में एकरूपता, शुद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उपजिलाधिकारी एवं उप जनगणना अधिकारी सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जनगणना निदेशालय से नामित प्रभारी, संबंधित चार्ज अधिकारी, जनगणना सहायक तथा संस्थान के प्रतिनिधि मौजूद रहे।















