जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 9 जनवरी तक मास्टर ट्रेनर और प्रगणक मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे.

मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के कार्य को निर्धारित समय में त्रुटिरहित और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी उमेश मिश्रा ने जनगणना कार्य में लगे मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण तथा कार्य संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, संबंधित कार्मिकों को निर्धारित अवधि में प्रशिक्षण पूरा कर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराना होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना (पॉपुलेशन एन्यूमरेशन) से संबंधित स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का क्षेत्रीय कार्य किया जाएगा। इस कार्य को सकुशल, त्रुटिरहित, समयबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।इसी उद्देश्य से जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) आधारित प्रशिक्षण चार्ज स्तर पर नियुक्त सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय में दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि आदेश जारी होने की तिथि से नौ जनवरी 2027 तक मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक और पर्यवेक्षकों को मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान विशेष परिस्थितियों को छोड़कर जिला जनगणना अधिकारी अथवा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। निर्धारित प्रशिक्षण तिथियों में बदलाव स्वीकार नहीं होगा। आवश्यकता पड़ने पर अवकाश के दिनों में भी प्रशिक्षण आयोजित किया जा सकेगा।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संबंधित कार्यालयाध्यक्षों और कर्मचारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य जनगणना से जुड़े सभी कार्मिकों को समय पर प्रशिक्षित कर आगामी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराना है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts