मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने गुरुवार को खतौली विकास क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 21 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल की प्रेरणा तथा मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के आदेशों के अनुपालन में की गई।
प्राधिकरण के अनुसार खतौली क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। पहली कार्रवाई राजेश फार्म हाउस के पीछे मीरापुर रोड, ग्राम गंगधाड़ी में की गई, जहां नवीन प्रधान और भीम द्वारा करीब 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। दूसरी कार्रवाई खतौली ग्राम स्थित सफेदा रोड पर की गई, जहां आलोक गोयल और इमरान प्रधान पुत्र रशीद द्वारा लगभग तीन बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। तीसरी कार्रवाई सफेदा रोड पर फ्लाईओवर के नीचे, कोल्ड स्टोरेज के सामने की गई, जहां राहुल अरोरा, परमिन्दर आदि द्वारा करीब आठ बीघा भूमि पर अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी।
प्राधिकरण ने बताया कि उक्त अवैध प्लॉटिंग के संबंध में संबंधित भू-स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध प्लॉटिंग को स्थल से नहीं हटाया गया। इसके बाद 24 सितंबर को प्राधिकरण की टीम ने तीनों स्थलों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी, सहायक अभियंता और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित थाने का पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।















