मुजफ्फरनगर। खतौली ग्रामीण क्षेत्र में अपंजीकृत क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की। विशेष जांच टीम ने क्षेत्र के तीन अलग–अलग स्थानों पर पहुंचकर चिकित्सा संस्थानों के पंजीकरण, चिकित्सकीय योग्यता और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की।जांच के दौरान टीम को ‘कल्याण आयुर्वेदिक सेंटर’, ‘उपाध्याय क्लीनिक’ और ‘माधव लैब’ के संचालन में अनियमितताएं मिलीं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तीनों संस्थानों के संचालक आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पंजीकरण क्लीनिक और जांच केंद्र संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के चिकित्सा सेवाएं देने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित क्लीनिकों, पैथोलॉजी लैब और अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी। जांच टीम की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों में चिंता बढ़ गई है।















