मुजफ्फरनगर। इस्लामिया इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर के 123वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव रहे। उनका फूलमाला पहनाकर, बैज लगाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष सुल्तान मुशीर एडवोकेट ने की। प्रधानाचार्य डा. सलीम अहमद एवं कॉलेज स्टाफ ने समारोह में पहुंचे अतिथियों और गणमान्य लोगों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंध समिति के प्रबंधक सईद अनवर सिद्दीकी ने विद्यालय की शैक्षिक एवं अन्य गतिविधियों तथा विद्यालय के विकास के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उप प्रबंधक हाजी कमरूज्जमा एडवोकेट के विशेष सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्य हाजी मौ. नफीस, जफरयाब कुरैशी और जमीर अहमद अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि हरिकेश यादव ने विद्यालय का झंडा फहराकर और रिबन काटकर स्थापना दिवस समारोह के शुभारंभ की विधिवत घोषणा की। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा पूरी मेहनत और लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया। बोर्ड परीक्षा-2026 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉपर्स को मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।समारोह में छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता तनवीर आलम और अजहर साबिर ने किया। समारोह में विद्यालय की प्रबंध समिति के पदाधिकारी, सदस्य और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

















