बांदा। जनपद में भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को बांदा का अशोक लाट रणक्षेत्र बन गया। जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में 400 महिलाओं, किसानों, मजदूरों और युवाओं ने जोरदार हल्लाबोल किया। कमासिन, बबेरू, बिसंडा, नरैनी, जसपुरा, तिंदवारी, महुआ और बड़ोखर खुर्द जिले के सभी 8 विकासखंडों से करीब 400 लोग अशोक लाट पर पहुंचे। महिलाओं ने खुलकर अपनी पीड़ा बताई। इसके बाद शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र को सौंपा गया। शालिनी पटेल ने ज्ञापन में तीन सबसे बड़े मुद्दे उठाए, जो सीधे गरीब की थाली और गांव की गली से जुड़े हैं।आरोप है कि सर्वे और जियो टैगिंग के बाद भी पात्र गरीबों को आवास नहीं दिया जा रहा, जबकि अपात्रों को लाभ दिया जा रहा है। शालिनी ने मांग की कि सभी 8 ब्लॉकों की लाभार्थी सूचियों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई हो। जिले में अवैध शराब की भट्टियां धधक रही हैं, जहरीली शराब और गांजा खुलेआम बिक रहा है, जिससे युवा बर्बाद हो रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि बिहार की तर्ज पर यूपी में भी पूर्ण शराबबंदी लागू करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए और अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगे।पाइपलाइन बिछाने के नाम पर पूरे जिले में सड़कें और खड़ंजे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। न जल आया, न सड़क बची। शालिनी ने टूटी सड़कों की तत्काल मरम्मत और लापरवाह कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय करने की मांग की। शालिनी सिंह पटेल ने गरजते हुए कहा गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना मेरी प्राथमिकता है। प्रशासन सिर्फ आश्वासन देना बंद करे, समय-सीमा तय करके जमीन पर काम दिखाए। ज्ञापन सौंपने के बाद सभी कार्यकर्ता कचहरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान जुगुल किशोर पटेल, महिला जिलाध्यक्ष पिंकी प्रजापति, अतर्रा नगर अध्यक्ष ज्योति मौर्य, रवींद्रनाथ गुप्ता, सद्दाम हुसैन, उमाकांत सविता, काशी प्रसाद यादव, बिहारीलाल अनुरागी समेत करीब 400 कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।















