मुजफ्फरनगर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सुजडू चुंगी मेरठ रोड स्थित सभागार में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वृहद विधिक सहायता एवं सेवा मेगा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजीव कमल पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुमोदन पर आयोजित शिविर में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दस हजार से अधिक लाभार्थियों को प्री-कैंप एवं मेगा कैंप के जरिए लाभान्वित किया गया। शिविर में पात्र व्यक्तियों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों और निर्धन वर्ग के लोगों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, चेक, प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार, सामग्री एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने आमजन को संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों की जानकारी देते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आगामी 12 दिसंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर सहित बुढ़ाना, खतौली, जानसठ और कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। इसमें आपराधिक मामलों, एनआई एक्ट की धारा 138, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, बिजली-पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व एवं सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा। अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी मेगा शिविर डॉ. विजय कुमार ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि अपर जिला जज मनोज कुमार सिद्धू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।
इस अवसर पर अपर जिला जज गरिमा सिंह, अनुराग पंवार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल, इंदु सिद्धार्थ, गंभीर सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जनपद न्यायाधीश ने सफल आयोजन के लिए सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी को बधाई दी तथा जिला प्रशासन का आभार जताया। शिविर के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टैगलाइन ‘न्याय सबके लिए’ और हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।















